भौंरी/भरतकूप। हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। इसके अलावा मेले से लौट रहे बाइक चालक का झपकी आने से पेड़ से बाइक टकराई। जिसमें दोनों सवार घायल हुए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घटनाओं में बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था।
जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर को इलाहाबाद से रोडवेज बस यात्रियों को लेकर बांदा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस गुंता नहर के पास पहुंची तो रैपुरा से इलाहाबाद की ओर तेज गति से जा रही बाइक से टक्कर हो गई। जिसमें बाइक समेत चालक छिटककर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उधर बस लेकर चालक आगे निकल गया। इसके बाद सभी यात्रियों को चित्रकूट में उतारकर बस रैपुरा थाने के पास खड़ी कर दी। थानाध्यक्ष अंगद प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के जेब से एक पर्स निकला था। जिसमें लिखे नाम पता से जानकारी ली गई तो वह मृतक नहीं बल्कि दूसरा व्यक्ति सरैंया का निकला। संबधित व्यक्ति ने बताया कि यह पर्स उसका 16 अगस्त को चोरी हो गया था। उसी में कागज थे। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। बाइक में चित्रकूट जिले का ही नंबर है लेकिन कोई कागजात नहीं मिले हैं।
इसके अलावा हाईवे पर भरतकूप चौकी क्षेत्र के गोंडा मोड़ पर बांदा के पपरेंदा निवासी ओमप्रकाश पुत्र बुधुआ और बडोखर बांदा निवासी छोट्टन पुत्र गुड्डा की अनियंत्रित बाइक पेड से टकरा गई। चौकी प्रभारी श्यामसुंदर ने बताया कि बाइक चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ है। जिसमें दोनों घायल हुए। घायलोें को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें ओमप्रकाश की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रेफर किया गया है। इसी क्रम में सोमवार को इटवां निवासी अनूप पुत्र रामचंद्र, कानपुर देहात के खजुरा डेरापुर निवासी हीरालाल पुत्र बद्दल पीली कोठी के पास टेंपो से गिरकर घायल हुए। सभी घायल चित्रकूट से अमावस्या पर स्नान कर लौट रहे थे।