डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी ने शनिवार को समाधान दिवस में शिकायतों का निस्तारण कराने के बाद पुलिस लाइन में अपराध समीक्षा बैठक की। जिसमें लंबित मामलों का जल्द निस्तारण कराने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। डकैतों के खिलाफ कांबिंग जारी रखने की भी हिदायत दी।
दोपहर को कोतवाली आए डीआईजी ने कोतवाली में प्राप्त आठ शिकायतों में दो का मौके पर निस्तारण कराया। अन्य छह राजस्व संबधी होने के कारण संबंधित लेखपालों के साथ पुलिस कर्मियों को मौके पर जाकर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस लाइन में अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को भटकाया न जाए। उसकी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करें। जिससे पुलिस का जनता के साथ बेहतर संबंध बन सके। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं को जल्द निस्तारित कराने का प्रयास करें।
डकैतों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखें। इस मौके पर एसपी डीपी सिंह, अपर एसपी अशोक कुमार, सभी सीओ व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।