अमर उजाला ब्यूरो
सरैंया(चित्रकूट)। दर्जन भर अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घर घुसकर महिलाओं को बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद हजारों रुपये के जेवरात,नगदी व मोबाइल लूट ले गए। घटना की जानकारी होते ही देर रात को पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन आरोपी भाग निकले। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रैपुरा थानाक्षेत्र के मदना से जुडे़ पवारी मजरे में गुरुवार की देर रात को पउआ के परिवार की बहू व पुत्री घर में सो रहीं थीं। पउआ व अन्य परिजन खेत में भूसा एकत्र कर रहे थे। पउआ ने बताया कि रात को लगभग एक दर्जन नकाबपोश बदमाश उसके घर पहुंचे और बहू-पुत्री के हाथ पैर रस्सी से बांधकर मारपीट की।
विरोध करने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी जिससे दोनों महिलाएं सहमी रहीं। इसके बाद बदमाशों ने महिलाओं के हाथ पैर में पहने जेवर, बाक्स में रखे जेवर, छह हजार नगदी और मोबाइल लूट ले गए। कुछ देर बाद पउआ घर पहुंचा और पड़ोसियों की मदद से यूपी 100 में सूचना दी।
थानाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट व चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चित्रकूट। नकाबपोश बदमाशों में कुछ आस पास के ग्रामीण भी हो सकते हैं। भुक्तभोगी किसान की पुत्री ने बताया कि बदमाशों ने आते ही पहले जबरन दरवाजा खुलवाया। मुंह पर टार्च लगाकर आंख बांधने का भी प्रयास किया ताकि उन्हें कोई पहचान भी न पाए। एक दूसरे का नाम भी नहीं ले रहे थे और साफी से मुंह ढके थे। थानाध्यक्ष के अनुसार बदमाश स्थानीय युवक ही होंगे जिनकी तलाश की जा रही है।