शहर में 24 घंटे के अंदर चोरों ने चार दुकानों के ताले तोड़ दिए। घटना की जानकारी होने पर व्यापार मंडल ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाल ने जल्द चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
सोमवार रात को शहर के ओवरब्रिज के नीचे स्थित सर्राफ अतुल अग्रवाल की दुकान का चोरों ने ताला तोड़ दिया। लेकिन शटर के अंदर दूसरे दरवाजे का ताला चोर नहीं तोड़ सके। जिससे दुकान में रखा माल बच गया। बर्तन व्यापारी महेश वर्मा की दुकान का जब ताला नहीं टूटा, तो चोरों ने छत के रास्ते दुकान के अंदर जाकर पांच हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली।
सर्राफ रमेश सोनी और किराना व्यापारी महेश गुप्ता की दुकान का भी ताला टूटा मिला। चोर इन दोनों दुकानों से भी कुछ नहीं ले जा सके। मंगलवार की सुबह दुकान पहुंचे दुकानदारों ने जब ताला टूटा देखा, तो पुलिस को सूचना दी।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, ओम केशरवानी, धर्म चंद्र, ऋषि अग्रवाल, हरगोविंद वर्मा, राहुल गुप्ता व गोलू आदि ने कोतवाली जाकर घटना का खुलासा करने की मांग की। कोतवाल सत्यपाल सिंह ने ओवरब्रिज के नीचे की दुकानों का निरीक्षण कर चोरों को जल्द पकड़ने का आश्वासन किया है।