मारपीट की घटना की जानकारी देते घायल अंजनी कुमार, बब्बू
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के बनकट गांव में पुरानी रंजिश में छह युवकों ने एक घर में घुसकर महिला समेत पांच लोगों को कुल्हाड़ी व लाठी, डंडों से हमलाकर घायल कर दिया। महिलाओं ने दौड़कर एक आरोपी को पकड़ पीट दिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। अन्य आरोपी बचने के लिए हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए।
कोतवाली क्षेत्र के बनकट गांव में प्रेमचंद्र दुबे के आवास पर बुधवार देर रात महिलाएं करवा चौथ की पूजा कर रहीं थी। इसी बीच आधा दर्जन युवक लाठी-कुल्हाड़ी व तमंचा लेकर उसके घर घुसे और गाली देते हुए गेट के पास मौजूद बब्बू पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। यह देखते ही घर में मौजूद अन्य लोग बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने प्रेमचंद्र , भागवत, अंजनी कुमार व आशा देवी को भी लाठियों से पीटकर घायल कर दिया।
परिजनों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस पास के कुछ लोग वहां पहुंचे और एक आरोपी गिरीश पटेल पुत्र जागेश्वर निवासी बनकट को दबोच लिया। यह देखते ही अन्य आरोपी हवाई फायरिंग कर भाग निकले। उधर ग्रामीणों ने पकड़े आरोपी की जमकर पिटाई कर पुलिस सूचना दी। कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया कि पिटे ग्रामीणों की तहरीर पर गिरीश पटेल, मानू और छोटू समेत तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।