धान की फसल बर्बाद कर रहे अन्ना जानवर भगाने पर जानवर के मालिकों ने महिला सहित उसके दो पुत्रों के साथ मारपीट की है। इस मामले में राजापुर थाने में चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
राजापुर थाना क्षेत्र के पटवरिया निवासी बुधिया पत्नी राम खेलावन ने बताया कि वह बटाई का खेत लिए है। धान की फसल तैयार होने के बाद सोमवार को फसल काटकर खेत पर रख दिया था। उसी समय कुछ अन्ना मवेशी आकर फसल खाने लगे।
यह देख डंडा फटकार कर जानवर को भगा दिया तो जानवर के मालिक अभिलाष पुत्र इन्द्रपाल, धर्मेेंद्र पुत्र अभिलाष, रामू पुत्र अभिलाष, भयंकर पुत्र विजइया निवासीगण पटवरिया थाना राजापुर खेत में आकर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
यह देखकर उसका पुत्र चुन्ना और रामचंद्र बचाने आए तो आरोपियों ने तमंचा निकालकर उनकी भी पिटाई कर धमकी दी है। मंगलवार को पीड़ित महिला की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थानाध्यक्ष हवलदार सिंह ने बताया घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।