डाकू बबुली व लवलेश के बीच तड़तड़ाईं गोलियां
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। साढ़े पांच लाख के इनामी डाकू बबुली कोल गैंग मेें गैंगवार होने से जंगल में हड़कंप मचा है। ग्रामीणों की मानें तो बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के घाटा कोलान जंगल में पूरा गैंग मौजूद था। शराब पीने के बाद गैंग के नए सदस्यों को सरगना बबुली टार्चर कर रहा था। जिसका गैंग के दाहिना हाथ लवलेश ने विरोध किया तो दोनों के बीच गोलियां तड़तड़ा उठी। हालांकि किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है लेकिन बताया गया कि गैंग में दो फाड़ हो गया है।
दशहरे की रात डाकू बबुली कोल अपने गैंग के साथ बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के घाटा कोलान जंगल में शराब पी रहा था। नाम न छापने की शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि देर रात अचानक जंगल में गोलियों की तड़तड़ाहट की आवाज सुनाई पड़ी। ग्रामीणों ने पुलिस से मुठभेड़ होने की आशंका जताई। भयवश सभी अपने घर में ही घुसे रहे। शनिवार की सुबह पूरे मामले की जानकारी हुई कि पुलिस से नहीं, बल्कि गैंग में आपस में गोलियां चली थीं। घटना के पीछे गैंग के कुछ नए सदस्यों को लेकर विवाद बताया गया है। गैंग सरगना सदस्यों को गाली देकर टार्चर कर रहा था जिसका लवलेश ने विरोध किया था। इसी बात को लेकर पहले दोनों आपस में लिपट गए। दोनों आपस में सगे रिश्तेदार भी हैं। इसके बाद विवाद बढ़ने पर दोनों ने एक दूसरे पर गोलियां दागी लेकिन किसी को गोली नहीं लगी फिर दोनों अलग-अलग रास्ते से जंगल की ओर चले गए हैं।
पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने बताया कि उनके पास ऐसी कोई सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस तो नियमित रूप से कांबिंग कर रही है। उधर बहिलपुरवा थानाप्रभारी साजिद अली ने भी गैंगवार की घटना को फिलहाल गलत बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी जानकारी नहीं है। सतना एसपी संतोष कुमार ने बताया कि गैंगवार की सूचना मिली थी। इसी आधार पर कई पुलिस की टीमें मप्र जंगल क्षेत्र में गैंग को दबोचने के लिए भेजी गई हैं। गैंगवार की किसी ने पुष्टि नहीं की है।
समझौते का प्रयास कर रहे परिजन
चित्रकूट। डाकू बबुली कोल व गैंग के दाहिने हाथ लवलेश कोल सगे रिश्तेदार हैं। गैंगवार की सूचना पर उनके परिजन भी चितिंत हैं और उनके बीच समझौता कराने का प्रयास कर रहे हैं।
सीमावर्ती इलाके पहुंचा डाकू बबुली व लवलेश गैंग
चित्रकूट। साढ़े पांच लाख के इनामी डाकू बबुली कोल व दाहिने हाथ लवलेश के बीच विवाद होने के बाद दोनों गैंग की मप्र सीमा क्षेत्र में मौजूदगी की सूचना से पुलिस सतर्क हो गई है। सतना जिले की पुलिस फोर्स के अलावा भरतकूप शिवरामपुर, बहिलपुरवा व सीतापुर चौकी पुलिस टीम भी अपने क्षेत्र में कांबिंग कर रही हैं।
दशहरे की रात घाटाकोलान जंगल में इस गैंग के बीच गैंगवार होने की सूचना मिली थी। रविवार की सुबह नया गांव थानाक्षेत्र के सतीअनुसुईया, बगदरा, बटोही व गुप्तगोदावरी क्षेत्र के जंगल में कांबिंग करने सतना एसपी संतोष कुमार, एडी प्रभारी ओपी चौगडे़ व एएसआई कप्तान सिंह लगातार मौजूद हैं। उन्हाेंने बताया कि डकैतों की लोकेशन मिली है।
डाकू साधना पटेल की भी मौजूदगी
चित्रकूट। भरतकूप व सीतापुर चौकी क्षेत्र से अब दस हजार की इनामी दस्यु सुंदरी साधना पटेल गैंग भी मप्र की सीमा क्षेत्र पहुंच गया है। सतना एसपी ने बताया कि इस गैंग की भी लोकेशन इन जंगलों में मिल रही है। जिनकी तलाश की जा रही है।