चित्रकूट। मुख्यालय के इलाहाबाद रोड पर भाजपा के जिला मंत्री व यातायात सिपाही से जमकर विवाद हुआ। यह नजारा देख सैकड़ों लोगाें की भीड़ जमा हो गई। सिपाही ने भाजपा नेता व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर दी है।
शनिवार की दोपहर को कोतवाली क्षेत्र के इलाहाबाद रोड पेट्रोल पंप तिराहे पर एक जीप में सवारी बैठ रहीं थीं। डयूटी में तैनात यातायात सिपाही शिवनारायण ने बताया कि वह ट्रैफिक जाम होता देख जीप चालक के पास पहुंचा और वाहन किनारे खड़ा करने को कहा तो चालक ने गाली गलौज शुरू कर कहा कि वह भाजपा का जिला मंत्री है। उसकी सरकार है और उसे रोकोगे तो बुरा होगा। सवारी भरने के बाद ही गाड़ी हटेगी। इसी बात को लेकर विवाद आगे बढ़ गया। सिपाही ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता पास के ही एक घर से दो अज्ञात युवकों को लेकर आया और उसके साथ मारपीट की। किसी तरह वह बचा और कोतवाली में तहरीर दी है।
इस मामले में कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि तहरीर तो दी गई थी लेकिन बाद में यातायात पुलिस कार्यालय में भाजपा नेता मुन्नालाल व यातायात सिपाही शिवनारायण के बीच समझौता हो गया है। उधर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक जाटव ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं मिली है। पार्टी के जिस नेता का नाम आया है वह जिला मंत्री है और इस संबंध में उससे पूछताछ की जाएगी। नियमानुसार की सबको काम करने की आजादी है।
भाजपा नेता ने यातायात सिपाही को पीटा!
:- पिटे सिपाही ने कोतवाली में दी तहरीर