अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। सद्गुरु पब्लिक स्कूल जानकीकुंड से अपहृत जुड़वां भाइयों का 32 घंटे बाद भी सुराग नहीं लग सका। ऐसे में परिजनों की धड़कनें बढ़ती जा रही है। मप्र मुख्यमंत्री ने डीजीपी कार्यालय को सतर्क कर सकुशल बरामदगी के सख्त निर्देश दिए हैं। डीजीपी मप्र वीके सिंह ने अपहृतों के संबंध में सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। चित्रकूट क्षेत्र के आसपास भारी पुलिस बल के अलावा मप्र के दो आईजी, डीआईजी एसपी व अपरएसपी टीम के साथ डेरा डाला है। यूपी-एमपी थाना पुलिस लगातार अपहृतों के सुरागकशी में जुटी है। पुलिस ने 12 से अधिक संदिग्ध लोगों को पकड़कर पूछताछ की है।
मंगलवार की दोपहर स्कूल की छुट्टी के दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र के रामघाट निवासी तेल व्यापारी बृजेश रावत के दो जुड़वा पुत्रों प्रियांश और श्रेयांश को चलती बस रुकवाकर पिस्टल के बल पर दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाश अगवा कर ले गए थे। वारदात के बाद हरकत में आई मप्र व उप्र पुलिस अपहृत छात्रों की सकुशल रिहाई लिए जुट गई थी, लेकिन 32 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बावजूद कोई सुराग न लगने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। बुधवार को मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विधायक नीलांशु चतुर्वेदी को पीड़ितों के घर भेजा और मप्र डीजीपी वीके सिंह को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। डीजीपी के निर्देश पर एडीजी गाजीराम मीणा, आईजी रींवा उमेश जोगा, आईजी चंचल शेखर, डीआईजी अविनाश शर्मा, एसपी संतोष गौर और एएसपी गौतम सोलंकी ने परिजनों से मुलाकात कर ढाढ़स बंधाया।
आईजी रींवा चंचल शेखर ने बताया कि पांच थाने की पुलिस लगातार अपहर्ताओं की तलाश में जुटी है। सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम की भी घोषणा की है। उधर चित्रकूट एसपी मनोज झा ने अपर एसपी बलवंत चौधरी के साथ जिले की सीमा क्षेत्र के जंगलों में अपहरणकर्ताओं की तलाश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली है।
कई को हिरासत में लेकर की पूछताछ
खोही। नया गांव थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी ने बताया पुलिस हर कदम फूंक कर रख रही है। इस संबंध में 12 से अधिक संदिग्ध लोगों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। स्कूल बस के चालक, परिचालक समेत अन्य स्टाफ पर भी शक है कि वह अपहरणकर्ताओं से मिले थे ऐसे संदिग्ध लोगों से दुबारा पूछताछ की जाएगी।
स्कूल में दो दिन का अवकाश
खोही। सदगुरु पब्लिक स्कूल में दहशत के कारण दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट के निदेशक डॉ. बीके जैन ने कहा कि यह बेहद कष्टदायी समय है। प्राथमिकता बच्चों की सकुशल रिहाई करानी है। इस संबंध में स्कूल स्टाफ की मिलीभगत हुई तो उसे कानून से दंड दिलाया जाएगा।
मंदिर में जाकर की पूजा
चित्रकूट। सीतापुर के रामघाट स्थित पीड़ित पिता बृजेंद्र के घर पहुंचे चित्रकूट विधायक नीलांशू चतुर्वेदी, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक दिनेश मिश्रा, सपा जिलाध्यक्ष अनुज यादव, सभासद जागेश्वर यादव समेत सैकड़ों रिश्तेदारों ने ढाढ़स बंधाया है। अपहरण की खबर जिसे भी मिली, वह बच्चों की सकुशल रिहाई की दुआएं करता रहा। यहां तक कि भगवान मत्गयेंद्रनाथ स्वामी मंदिर के प्रमुख पुजारी विपिन तिवारी ने अपहृतों के पिता को मंदिर ले जाकर विशेष पूजन कराया ताकि उनके दोनों पुत्र जल्द सकुशल घर आ जाएं।
जारी किए मोबाइल नंबर
चित्रकूट। चित्रकूट पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने अपहृतों ओर बदमाशों के बारे में कुछ भी जानकारी देने वालों के लिए मोबाइल नंबर जारी किया है। उन्होंने सभी थानों के सीयूजी नंबर जारी कर कहा कि किसी प्रकार के संदिग्ध व्यक्तियों या हरकत की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना दें। अपहृतों की तलाश में पुलिस प्रत्येक क्षेत्र में पूछताछ व संभावित जगहों पर दबिश दे रही है।
विश्वविद्यालय के दो छात्रों का भी हुआ था अपहरण
चित्रकूट। मप्र क्षेत्र नया गांव स्थित जानकीकुंड के पास से दो जुड़वा बच्चों के अपह्त होने की घटना केे पहले भी महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय के दो छात्रों को आठ साल पहले डाकू गुड्डा पटेल गैंग ने अपहरण कर लिया था। फिरौती के बाद दोनों छात्रों को छोड़ दिया गया था, जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना था कि पुलिस के दबाव के कारण छोड़ दिया गया है।
चार साल से अपह्त बालक का पता नहीं
चित्रकूट। शहर के कुबेरगंज मोहल्ले से एक सराफा व्यवसायी के नाबालिग पुत्र का अपहरण बीच बाजार से बाइक सवार युवकों ने लगभग चार वर्ष पहले कर लिया गया था, जिसका आज तक पता नहीं चल सका। शहर के कुबेरगंज मोहल्ले में शंभू सोनी परिवार से एक बालक को बाइक सवार युवकों ने अपह्त कर बीच बाजार से ले गए थे। इस घटना के बाद कई दिन तक बाजार की बंदी रही। पुलिस के प्रयास के बाद भी अपहरण करने वालों व बालक का कोई सुराग आज तक नहीं लगा। जिससे परिवार के सदस्य घटना को लेकर दुखी रहते हैं।