नकली शराब के साथ दो को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
भौंरी(चित्रकूट)। पुलिस ने नकली शराब बेचने वालों को बोलेरो समेत दबोचा है। दो आरोपियों के कब्जे से 580 क्वार्टर देशी शराब बरामद हुई है। जिसे बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि यह शराब नकली है जिसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार रैपुरा थाना क्षेत्र के देहरूच स्कूल के पास पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक सफेद रंग की बोलेरो को रोककर तलाशी ली। जिसमें 580 क्वार्टर (13 गत्ते) देशी शराब मिली। पुलिस ने मौके से देहरूच निवासी अनिल कुमार पुत्र काशी और बघवारा निवासी चुनका उर्फ शिवलखन पुत्र रामसजीवन को भी शराब के साथ दबोचा गया है।
थानाध्यक्ष अंगद प्रताप सिंह ने बताया कि शराब में अरुणाचल प्रदेश व चंडीगढ़ का लेबल चस्पा है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि यह नकली शराब है जो आस पास के क्षेत्र में ही बनाई जाती है और रैपर लगाकर ग्राहकों को भ्रमित किया जाता है। नकली शराब की जांच के लिए सैंपल जांच केंद्र भेजा जाएगा। बोलेरो में भाजपा का झंडा लगा है। इस संबध में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
:- बोलेरो से जा रहे थे बेचने
:- अरुणाचल व चंडीगढ़ का रैपर चस्पा