श्रद्धालुओं पर हमला कर पीटा, आठ घायल
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र निवासी तीर्थयात्री दर्शन करने धर्मनगरी आए थे। बुधवार की शाम तीर्थयात्रियों को कुछ स्थानीय युवकों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जिसमें आठ तीर्थयात्री घायल हो गए। चार का जानकीकुंड अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को बाइक समेत पकड़ लिया जबकि बोलेरो सवार अन्य आरोपी भागने में सफल रहे।
सतना जिले के नागौद थाने के कई छात्र व उनके परिजन एक निजी बस से चित्रकूट आए थे। स्थानीय लोगाें के अनुसार शाम को रामघाट के पास तीर्थयात्री कही घूमने जाने के लिए टेंपो में बैठे थे। वहां मौजूद कुछ युवकाें से किसी बात को लेकर तीर्थयात्रियों से गालीगलौज हुई। इसके बाद लगभग आठ बजे जब बस से तीर्थयात्री प्रमुख द्वार पर दर्शन करने पहुंचे तो वहां एक बोलेरो व एक बाइक से सात लोग हाथ में डंडे व लोहे की चेन लेकर पहुंचे। बस के अंदर घुसकर युवकों को मारने पीटने लगे। महिलाओं ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उन्हें भी धक्का दिया गया। नया गांव थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और एक आरोपी को बाइक समेत पकड़ लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। घायल यात्रियों में रवि, बेटू, शिवा व विपिन के सिर व चेहरे पर गहरे घाव होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।