ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एसडीएम चौक पर ट्रक से कार को टक्कर लगने पर जमकर हंगामा हुआ। कार सवार महिला और दो लोगों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान महिला ने ट्रक चालक को चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया, जिससे हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। हाईवे पर जाम लगता देख आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद हाईवे पर आवागमन शुरू हो पाया।
बुधवार को दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित एसडीएम चौक पर रोडवेज बस स्टैंड की तरफ से गैस सिलेंडर से भरा ट्रक मंगलौर की तरफ जा रहा था। ट्रक के आगे भी वाहन चल रहे थे। इस बीच ट्रक से आगे निकलने के चक्कर में पीछे चल रहे कार चालक ने गलत साइड से कार निकालने का प्रयास किया। इस पर कार की ट्रक से टक्कर हो गई और कार क्षतिग्रस्त हो गई। इससे नाराज कार सवार दो लोग और एक महिला कार से नीचे उतर आए। उन्होंने कार को बीच हाईवे पर लगा दिया और ट्रक चालक के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
महिला ने ट्रक चालक की खिड़की खोलकर उसे जबरन नीचे उतारने का प्रयास किया। ट्रक चालक के नीचे नहीं उतरने पर महिला ने अपनी चप्पल उतारी ट्रक चालक की पिटाई कर दी। बीच हाईवे पर हंगामे से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगता देख आसपास के लोगों ने किसी तरह महिला को समझाकर शांत किया और आवागमन सुचारु कराया। इस बीच सूचना मिलते ही सीपीयू के जवान भी मौके पर पहुंच गए और जानकारी ली। बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने पर कार और ट्रक चालक अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।