अपहरण नहीं खुद महिला के साथ गया प्रीतम
चित्रकूट। पहाड़ी थाने के परसौंजा निवासी प्रीतम माली के अपहरण की गुत्थी पुलिस ने लगभग सुलझा ली है। पुलिस ने दावा किया है कि पड़ोसी गांव की एक महिला के साथ भागे युवकके साथ प्रीतम खुद भाग गया है। कोतवाली पुलिस टीम इन्हें पकड़ने के लिए गुजरात रवाना हो चुकी है।
गौरतलब है कि 19 मार्च को परसौंजा निवासी मुन्नालाल की पत्नी आशादेवी ने आरोप लगाया था कि उसके साथ बाइक से कर्वी आए पुत्र का नई दुनिया के पास से अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है। इस मामले में कोतवाली में सिंहपुर के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई। मामले में अपर एसपी बलवंत चौधरी, सीओ सिटी रजनीश यादव व कोतवाल अनिल सिंह ने खोजबीन की तो नई कहानी सामने आई। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि दरअसल प्रीतम के मामा का लड़का एक गांव की महिला को बहला फुसलाकर भगा ले गया है। उसके बैंक खाते में आठ लाख रुपये हैं। इसी रुपये को पाने के चक्कर में प्रीतम ने योजना बनाकर अपहरण की साजिश रची और खुद गायब होकर उसी महिला के पास पहुंच गया है। जिसकी पूरी जानकारी मिल चुकी है। कोतवाली के एसआई एसएन यादव के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल के साथ पुलिस टीम गुजरात भेजी गई है जल्द ही महिला व कथित अपहृत युवक को पकड़कर लाया जाएगा।