हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र में अपराध व चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाईवे पर गहबरा चौकी के पास से चोर दुकान का ताला तोड़कर माल पार कर ले गए।
क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थम नहीं रही। आठ फरवरी को हुई चोरी का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। वहीं रीवन गांव में 17 फरवरी को परिषदीय विद्यालय में भी चोरी हुई थी।
आए दिन हो रही चोरियों से लोग परेशान हैं। क्षेत्र के भवानी गांव निवासी जितेंद्र यादव ने बताया कि वह गहबरा चौकी में दुकान रखे हैं। दुकान में लगी लोहे की चादर को काटकर चोरों ने चोरी को अंजाम दिया है। बताया चादर काटने वाले औजारों को चोर मौके पर छोड़ गए हैं। बताया कि वह होली त्योहार में दुकान बंद कर घर चला गया था। चोरों ने सूना घर पाकर दुकान से मोबाइल, लैपटॉप व दो हजार रुपये चोरी कर ले गए। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल विक्रमाजीत ने बताया जांच की जा रही है।
घटनाओं का खुलासा न होने से चोरों के हौसले बुलंद
अमर उजाला ब्यूरो