चित्रकूट। खेत में भैंस घुसने पर फसल को नुकसान बताकर आरोपियों ने महिला को पकड़कर पीटा। उसे निर्वस्त्र कर दिया। बचाने आए उसके पुत्र व एक अन्य ग्रामीण को भी आरोपियों ने मारापीटा। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि पुलिस ने उसकी शिकायत न सुनकर दूसरे पक्ष की ओर से तहरीर पहले ले ली है।
रैपुरा थानाक्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि दस दिन पूर्व उसकी भैंस गांव के ही एक खेत में चली गई थी। इसकी जानकारी होते ही वह अपनी भैंस को खेत से हटाकर घर की ओर ला रही थी तभी खेत मालिक चार साथियों के साथ लाठी व बंदूक लेकर आया। गालीगलौज कर उसे पकड़ा और कहा कि आए दिन उसकी भैंस फसल को नुकसान पहुंचा रही है।उसने माफी मांगी और जाने लगी। आरोप है कि खेत मालिक व उसके साथियों ने उसे पकड़कर निर्वस्त्र कर दिया। अभद्रता करने लगे। विरोध पर पीटा। पुत्र व एक अन्य ग्रामीण बचाने पहुंचे तो उनको भी पीटा।
महिला ने बताया कि इस बीच उसने अपने पुत्र के मोबाइल से यूपी 100 को सूचना दे दी। कुछ देर बाद जैसे ही पुलिस वाहन गांव के पास पहुंचा तो सभी भाग निकले। वह रैपुरा थाने पहुंची तो उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वह गांव लौट गई। आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष को जब पता चला कि वह थाने गई है तो साजिशन पुलिस कर्मियों को उसके खिलाफ शिकायत की तहरीर दे दी है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने की मांग की है।
-बचाने आए उसके पुत्र व एक ग्रामीण को पीटा, पुलिस सुन नहीं रही
अमर उजाला ब्यूरो