महिला जेई की कार के शीशे तोड़े
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। शहर के डाक बंगले के पीछे बनी पीडब्ल्यूडी कालोनी में रहने वाली महिला जेई की कार पर अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ की। जिससे कार का अगला व पिछला शीशा टूट गया है। भयभीत जेई ने परिवार के साथ डीएम एसपी को मामले की जानकारी देकर सुरक्षा की मांग की है। आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत करने के कारण उनके परिवार पर जानलेवा हमले की कोशिश की गई है। मामले में आरोपियों पर कार्रवाई की जाए।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की महिला जेई किरन ने सोमवार को डीएम-एसपी कार्यालय जाकर बताया कि रविवार की रात वह अपने परिवार के साथ बाजार से आई थीं। इसके बाद कालोनी में कार पार्क कर कमरे चलीं गईं। कुछ देर बाद उनकी कार पर कुछ अज्ञात लोगों ने डंडे व पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिये। आशंका जताई है कि हमलावर उन्हें डराने धमकाने की गरज से हमला कर रहे थे क्योंकि उन्होेंने विभाग के अधिकारियों के खिलाफ लाखों रुपये के फर्जी भुगतान कराने और उनके साथ अभद्रता की शिकायत मुख्यमंत्री तक की है। जिसकी जांच चल रही है। ऐसे में खुद को फंसता देख अब किराए के लोगों से उनके परिवार पर हमला किया जा रहा है। इस घटना में उनकी कार का अगला व पीछे का शीशा टूट गया है। कार के अन्य भाग को भी क्षतिग्रस्त किया गया है। जिससे उनका परिवार भयभीत है। इस मामले में एसपी मनोज कुमार झा ने जांच के बाद कार्रवाई कराने का भरोसा दिया है।