चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र के तरावं भसौंधा गांव के बीच नहर किनारे अधबने घर में महिला का शव मिला है। दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की आशंका जताई गई है। शव कई दिन का हो जाने के कारण काफी प्रयास के बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
शनिवार को भसौंधा मार्ग पर तरांव गांव निवासी जालंधर वर्मा के खेत में अधबने मकान में महिला का शव मिला। खेतों में काम कर रहे किसानों ने दुर्गंध आने पर प्रधान को जानकारी दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किए। मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। थानाध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता मय फोर्स मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि साड़ी पहने महिला की उम्र 45 वर्ष है। शव से दुर्गंध आ रही थी। कीड़े पड़ चुके थे। हत्या व दुष्कर्म की आशंका का पहलू स्पष्ट नहीं हो रहा है। 10-12 दिन पुराना शव लगता है। शिनाख्त कराई जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा। आस पास के इलाके में गुम महिलाओं की जानकारी की जा रही है।