फोटो-1- सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
भरतकूप(चित्रकूट)। झांसी मिर्जापुर हाईवे पर रौली गांव के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो सब्जी विक्रेताओं की मौत हो गई। दोनों बांदा के बदौसा से सब्जी लेने चित्रकूट जा रहे थे। बाइक चालक हेलमेट की सेफ्टी लॉक नहीं लगाए था। इससे टक्कर लगाने पर हेलमेट सिर से निकल गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए।
बांदा जिले के बदौसा स्टेशन रोड निवासी शिवकरन (30) पुत्र रामखेलावन और छोटू (22) पुत्र शिवचरन फेरी लगाकर सब्जी बेचते थे। रविवार शाम को दोनों बाइक से सब्जी लेने चित्रकूट जा रहे थे। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर रौली गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। सिर के बल गिरने से दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। शिवकरन के परिवार में पत्नी श्यामकली, दो पुत्री, एक पुत्र और छोटू के एक पुत्र है। भरतकूप थाना प्रभारी दुर्गेश गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। हादसे में दोनों युवकों के सीने व पेेट में गंभीर चोट आई थीं।