भौंरी (चित्रकूट)। रैपुरा थाना क्षेत्र के महर्षि वाल्मीकि आश्रम लालापुर के पहाड़ पर गुरुवार को पेड़ पर जली अवस्था में एक शव लटका मिला। इससे सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर छानबीन की। मौके से एक बोतल मिली है, उसमें पेट्रोल की महक आ रही। 340 रुपये नकद भी मिले हैं। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। ग्राम प्रधान ने इस संबंध में प्रथम दृष्टया खुदकुशी की संभावना की सूचना दर्ज कराई है। वहीं, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि संभव है कि खुदकुशी की हो, लेकिन इस दौरान खुद को जलाना संभव नहीं लगता है। ऐसे में संभावना है कि हत्या के बाद पहचान मिटाने के लिए शव को जला दिया गया है।
गुरुवार की दोपहर को आश्रम के पहाड़ पर क्षेत्र के कुछ चरवाहे बकरी चराने पहुंचे, वहां दक्षिण दिशा की ओर पेड़ पर जली अवस्था में शव लटका देखकर चीख पड़े। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। शव तीन से चार दिन पुराना था, शरीर का काफी हिस्सा जानवर खा चुके थे। चरवाहों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान व पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही सीओ सुबोध गौतम, थाना प्रभारी अजीत पांडेय और ग्राम प्रधान केदारनाथ यादव ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। शव के पास एक शराब की बोतल जली हुई, एक खाली बोतल मिली, जिसमें पेट्रोल की महक आ रही थी। एक जला हुआ गमछा व 340 रुपये नकद भी मिला है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है, पुलिस ने जनपद व पड़ोसी जनपद के थानों में फोटो भेज कर शिनाख्त का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।