फोटो नंबर-2- सकरौली गांव में महिला से पानी मिलने की जानकारी लेते अधिशाषी अभियंता।
जल जीवन मिशन योजना के कामों का अधिशासी अभियंता ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। जल जीवन मिशन योजना में चांदी बांगर ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत सकरौली, खैरी, ओरा और पिलखनी गांवों का अधिशाषी अभियंता ने जायजा लिया। मुआयने में टीम ने पेयजल आपूर्ति से लेकर सड़क व निर्माण कार्य देखे। कई जगह काम अधूरे मिले। जिस पर उन्होंने एलएंडटी संस्था के अधिकारियों से नाराजगी जाहिर की। साथ ही 15 दिन में अधूरे कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
शनिवार को अधिशासी अभियंता आशीष कुमार भारती ने निरीक्षण के दौरान कई काम अधूरे मिलने पर कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान, जूनियर इंजीनियर जय नारायण तिवारी ने बताया कि चारों गांवों में कुल 5080 मीटर के सापेक्ष 3707 मीटर रोड रेस्टोरेशन का कार्य फर्म एलएनटी द्वारा पूरा कर लिया गया है। शेष कार्यों को पूरा करने के लिए टीम नहीं लगाई गई है। इस पर फर्म एलएनटी के कंस्ट्रक्शन मैनेजर विपिन पांडेय को नाराजगी व्यक्त की और 15 दिनों के भीतर रोड रेस्टोरेशन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जल संयोजनों की जांच में पाया कि गृह जल संयोजनों में सीसी ग्राउटिंग का कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है, जिससे कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। कई गृह जल संयोजनों में जी-स्टैंड और टोटी भी नहीं लगाई गई है। इस संबंध में भी एलएनटी के कंस्ट्रक्शन मैनेजर को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया गया कि यदि अगले 15 दिनों में हाउस कनेक्शन के कार्य पूरे करके रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत नहीं की गई, तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया जाएगा।