चित्रकूट/मऊ। खाद वितरण के दौरान सहकारी समिति की उपाध्यक्ष और सचिव में मारपीट हो गई। सचिव ने आरोप लगाया कि उपाध्यक्ष गोदाम से जबरन 30 बोरी खाद और बिक्री के एक लाख से अधिक रुपये लेकर चली गईं। उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि गुमराह कर उनसे सचिव ने चेक पर हस्ताक्षर कराए और मारपीट कर 50 हजार रुपये छीन लिये। दोनों पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।
मऊ थाना क्षेत्र के साधन सहकारी समिति खपटिहा के सचिव बद्री विशाल ने बताया कि वह गोदाम में खाद का वितरण करा रहे थे। इसी दौरान समिति की उपाध्यक्ष नीलू पति के साथ आईं। उनके साथ कुछ असलहाधारी भी थे। आरोप लगाया कि उपाध्यक्ष ने ट्रैक्टर में जबरन गोदाम से 30 बोरी खाद निकलवाकर लदवा लिया। विरोध करने पर गाली गलौज कर मारपीट की। बिक्री के रखे एक लाख 14 हजार 700 रुपये भी ले गईं। मारपीट में सचिव और उनके पुत्र राहुल को चोट लगी है।
उधर, समिति की उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सचिव ने फोन कर बुलाया और जबरन एक चेक पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा। पूरा रिकाॅर्ड दिखाने के लिए कहा तो सचिव और पुत्र ने गाली-गलौज कर हमला कर दिया। मारपीट में उपाध्यक्ष और उनके पति दिलीप द्विवेदी को चोट आई। उसके 50 हजार रुपये भी सचिव ने छीन लिये। दोनों पक्ष की तहरीर पर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी विनोद राय ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। दोनों पक्ष से रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना हो रही है।