चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र में कौशांबी जा रहे ओवरलोड ट्रक ने दंगल स्थल के पास बाइक में टक्कर मारकर यात्रियों से भरी टेंपो में टक्कर मार दी, जिसमें टेंपो चालक समेत दो लोगों को मौत हो गई। रिटायर्ड सिपाही समेत चार लोग घायल हो गए। बाइक सवार ब्लाक के जेई बाल-बाल बच गए।
राहगीरों ने ट्रक को पकड़ लिया, लेकिन पुलिस के पहुंचने के पहले चालक व खलासी भाग निकले। पुलिस के मुताबिक पहाड़ी कस्बे में मटर लदा ट्रक दंगल स्थल के पास सामने से आ रही बाइक में टक्कर मारने के बाद यात्रियों से भरी टेंपो से टकरा गया। टेंपो सवार रानीपुर खाकी गांव निवासी मुखिया यादव (50), टेंपो चालक मुलायम नगर कर्वी निवासी विनोद कुमार (36), रिटायर्ड सिपाही जगदीश प्रसाद, रेनू (20), शिवदेवी (21) निवासीगण नई दुनिया कर्वी और संजना (22) निवासी चकौंध गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत में रेफर किए गए विनोद की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, रानीपुर खाकी गांव निवासी मुखिया यादव की भी मौत हो गई। हादसे में तीन छोटे बच्चों को भी मामूली चोट आई हैं। पुलिस ने राहगीरों द्वारा पकड़े गए ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया। चालक व खलासी भाग गए हैं।
जानलेवा बनते ओवरलोड वाहन
ओवरलोड वाहनों से लगातार हादसे हो रहें हैं। बावजूद इसके रोक नहीं लग पा रही है। मंगलवार को मटर से लदे ओवरलोड ट्रक ने पहले बाइक में टक्कर मारी फिर टेंपो में। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो पहले बाइक से टक्कर लगने के बाद ट्रक की रफ्तार कम हो गई थी अन्यथा टेंपो से टक्कर में सभी सातों सवारियों की जान जा सकती थी। कई बार स्थानीय लोगों ने ओवरलोड वाहनों पर रोक लगवाने की मांग की पर सुनवाई नहीं हुई।