फोटो-14- जनचौपाल में ग्रामीणोंको स्वीकृत पत्र देते मंत्री राकेश सचान। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। जिले के दौरे पर आए खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने रैपुरा में निर्माणाधीन इंटेकवेल की देरी पर नाराजगी जताई। उन्हें बताया गया कि इस इंटेकवेल से 1.69 लाख घरों पर नल से पानी पहुंचाया जाएगा। 26 टंकिया बनेंगी। इस पर उन्होंने डीएम से कहा कि काम समय पर पूरा कराएं वर्ना इनके खिलाफ कार्रवाई करें। मंत्री ने फिल्टर हाउस समेत कई और जगह देखीं, कहा मैनपावर बढ़ाकर समय से काम पूर्ण कराएं। डीएम एक कमेटी बनाकर इसका रिव्यु करते रहें। उनके साथ राज्यमंत्री राजस्व विभाग अनूप प्रधान भी आए थे।
इससे पूर्व दोनों मंत्रियों ने 200 शैया वाले खोह अस्पताल, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरैया, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय मानिकपुर, गौशाला अगरहुड़ा, रैपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इंग्लिश मीडियम विद्यालय सरैया का भी निरीक्षण किया। विद्यालय की स्वच्छता पर प्रभारी मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की। गोशाला के प्रभारी को आदेश दिया कि सभी गोवंश चराने के बाद अंदर ही रखें। टैगिंग करा लें। किसी के पशु बाहर से आते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
मंत्री के साथ सांसद आरके सिंह पटेल, विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, सीडीओ अमित आसेरी, पीडी ऋषि मुनि उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे आदि शामिल रहे।
कसहाई गांव में लगाई जनचौपाल
चित्रकूट। दोनों मंत्रियों ने कसहाई गांव के कंपोजिट विद्यालय में जन चौपाल लगाकर लोगों को सरकार की योजनाएं बताईं और उनकी दिक्कतें सुनीं। यहां तीन लाभार्थियों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड, पांच को पोषाहार वितरण, पांच को परिवार रजिस्टर की नकल के साथ ही इंद्रजीत, दिव्यांशी को अन्नप्राशन व साधना व गुड़िया की गोदभराई की। गांव के कुछ लोगों ने पेंशन समेत कुछ समस्याएं रखीं, जिसपर प्रभारी मंत्री ने डीएम से कहा कि गांव में कैंप लगाकर शिकायतों का निस्तारण कराएं। (संवाद)