चित्रकूट। धर्मनगरी आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए दिवाली से पहले चित्रकूट-सतना रोड को चमकाने की कवायद तेज हो गई है। लगातार बारिश से सड़क जगह-जगह उखड़ गई है। एनएचएआई की तीन अलग-अलग टीमें काम में जुटी हैं।
चित्रकूट-सतना रोड पर मझगवां बाइपास के पास सड़क सबसे अधिक खराब है। अन्य स्थानों पर भी सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। दिवाली से पहले कार्य पूरा करने के लिए एनएचएआई प्रबंधक अनुपम कुरील ने बैठक कर निर्देश दिया कि धर्मनगरी क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत हर हाल में समय से हो जानी चाहिए। वहीं डीएम सतीश एस ने समीक्षा बैठक की।
बैठक में मझगवां एसडीएम महिपाल सिंह ने बताया कि बाइपास के पास एक मशीन से काम चालू किया गया था, लेकिन दो दिन से काम बंद है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि दिवाली से पहले काम हर हाल में पूरा हो जाना चाहिए। उन्होंने बिजली उपकरण लगाने और सफाई कार्य की भी समीक्षा की।
उधर यूपी क्षेत्र में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। डीएम पुलकित गर्ग ने चित्रकूट क्षेत्र में सफाई और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था अभी से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर एडीएम विकास सिंह, एसडीएम राहुल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।