चित्रकूट। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में रविवार को राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन दिवस मनाया गया। राष्ट्रपिता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद ने की। कुष्ठ रोगियों को सेल्फ केयर किट और माइक्रो सेलुलर रबर (एमसीआर) फुटवियर दिए गए।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि यह दीर्घकालीन संक्रामक रोग है जो माइक्रो बैक्टीरियम लेप्री नामक जीवाणु से फैलता है। ऐेसे रोगियों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन अभियान के अंतर्गत 30 जनवरी से स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। यह 13 फरवरी तक चलेगा। स्वास्थ्य विभाग ऐसे रोगियों की खोज के लिए विशेष अभियान चलाएगा। अप्रैल 2021 से अब तक 32 मरीज खोजे गए हैं। इनका उपचार चल रहा है। कुष्ठ रोगियों को 2500 रुपये प्रति माह पेंशन भी दी जा रही है।
इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश पहाड़ी, कृष्ण मुरारी त्रिपाठी, वरिष्ठ सहायक, अमित सक्सेना, विकास गुप्ता, चीफ फार्मासिस्ट, कुलदीप सिंह, ज्ञान चंद्र शुक्ला आदि रहे।