फोटो-10- चित्रकूट कलक्ट्रेट परिसर में विधानसभा की दोनों सीट के नामांकन स्थल पर की गई बैरीकेटिंग । ?
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। आगामी 27 फरवरी को पांचवें चरण के मतदान को लेकर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल के निर्देश पर नामांकन प्रक्रिया सुचारु रूप से कराने को प्रशासन ने मुख्यालय के कलक्ट्रेट परिसर में बैरीकेडिंग की है। अपर जिलाधिकारी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि नामांकन के दौरान परिसर के अंदर कोई वाहन प्रवेश नहीं करेगा। प्रत्याशी समेत तीन लोग साथ में रहेंगे।
जिले में कलक्ट्रेट परिसर में एक से आठ फरवरी तक नामांकन होंगे। जिसकी तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कलक्ट्रेट परिसर में बैरीकेडिंग कर दी है। एडीएम ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 236 चित्रकूट विधानसभा के लिए अपर न्यायालय कक्ष संख्या दो व 237 मानिकपुर विधानसभा के नामांकन चकबंदी न्यायालय कक्ष संख्या तीन में होंगे। प्रत्याशी सहित तीन व्यक्तियों को प्रवेश दिया जाएगा। परिसर के अंदर वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। दोनो ओर बैरियर लगाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरे की जद में नामांकन होगा।
एडीएम ने बताया कि सामान्य प्रत्याशी को दस हजार रुपये स्टेट बैंक से चालान जमा करना होगा। आरक्षित एससी को पांच हजार रुपये का चालान देना होगा। यह प्रक्रिया 11 से 3 बजे तक होगी। अवकाश के दिन नामांकन प्रक्रिया बंद रहेगी। चित्रकूट विधानसभा के आरओ सदर एसडीएम पूजा यादव और मानिकपुर विधानसभा आरओ एसडीएम नवदीप शुक्ला हैं। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।