फोटो- 7- सर्वर न होने से बैंक गेट पर निराश खड़ी महिलाएं। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
मानिकपुर/सरैंया। मानिकपुर इंडियन बैंक में कई दिनों से सर्वर कनेक्शन न होेने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। बैंक पहुंचने वाले उपभोक्ता जमा, निकासी न होने से परेशान हो रहे हैं। उधर, नाराजगी जाहिर करने पर सरैया में एक बैंक से दिव्यांग दंपती को मैनेजर ने पुलिस के हवाले कर दिया।
बैंक में 150 से 200 ग्रामीण दूरदराज से आते हैं। सात दिन से सर्वर कनेक्ट नहीं हो रहा है। उमरी गांव के गुलाब चंद्र ने बताया कि पैसा निकालने के लिए एक हफ्ते से रोज बैंक आ रहे हैं लेकिन काम नहीं हो रहा है। परिवार के एक सदस्य का इलाज करवाना है। सरहट के चंदनिया व संपतियादेवी ने बताया कि कई दिन से रोज आ रहे हैं। प्रतिदिन सर्वर कनेक्ट न होने की बात कही जाती है।
उधर, सरैंया स्थित एक बैंक की शाखा में पहुंचे हनुआ गांव के दिव्यांग दंपती कोदूराम व गुडिया ने बताया कि कई घंटे लाइन में लगने के बाद रुपये नहीं मिले। आरोप लगाया कि कहने पर बैंक स्टाफ ने डांट दिया। विरोध करने पर बैंक मैनेजर ने पुलिस बुलाकर चौकी भेज दिया। चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह दंपती को चौकी ले गए और कुछ देर बाद छोड दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि दोबारा बैंक जाने पर फिर अभद्रता की गई। बैंक मैनेजर प्रवीण कुमार ने बताया कि कोविड नियमों का पालन करने के लिए कहा गया था, किसी के साथ अभद्रता नहीं की गई।