चित्रकूट। डाकघर में सेवानिवृत्त कर्मी के बेटे ने आरडी और एफडी का झांसा देकर रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी से लाखों रुपये ठग लिए। समयावधि पूरा होने के बाद डाकघर में पहुंचने पर ठगी की जानकारी हुई। रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मी ने कोतवाली में तहरीर देने के साथ डाक विभाग के अधिकारियों से भी शिकायत की है। इसमें आरोप है कि युवक ने करीब 150 लोगों से ठगी की है।
शहर के लक्ष्मणपुरी मोहल्ले के नर्वदा प्रसाद केशरवानी रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उन्होंने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मुख्य डाकघर से सेवानिवृत्त एक कर्मचारी के बेटे ने उनके और परिजनों के 27 आरडी व एफडी खाते खोले थे। कर्मचारी का बेटा खातों में रुपये जमा करने के लिए समय-समय पर रुपये भी लेता रहा। समयावधि पूरी होने के बाद नर्वदा प्रयाद रुपये निकालने डाकघर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को पासबुक और कागजात दिखाए। कर्मचारियों ने कागजात फर्जी होने की जानकारी दी।
नर्वदा के अनुसार उनका करीब 42 लाख 27 हजार भुगतान बन रहा है। मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर फूल सिंह ने बताया कि कथित अभिकर्ता को वह नहीं पहचानते हैं। मामले की जांच कराई जाएगी। अगर धोखाधड़ी में कोई कर्मचारी शामिल होगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उधर, बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि विभाग के लोगों की मिलीभगत के बिना सैकड़ों लोगों से धोखाधड़ी संभव नहीं है। जांच कराकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।