मानिकपुर/मऊ(चित्रकूट)। विधायक आनंद शुक्ला ने सोमवार को खप्टिहा, बंबुरी, भिटारी और छिवलहा गांवों में चौपाल लगाकर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बताया। इसके अलावा उन्होंने मऊ ब्लाक सभागार में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं और निराकरण का आश्वासन दिया।
मऊ के ग्रामीण इलाकों में आयोजित चौपालों में भाजपा विधायक ने डा. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर उनको श्रद्धांजलि दी। कहा कि क्षेत्र की अन्ना समस्या के निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत अन्ना गोवंश के रखरखाव व भरणपोषण के लिए प्रधानों को धन निर्गत किया जा चुका है, जिसमें मानिकपुर ब्लाक की 46 ग्राम पंचायतों में 54 लाख 81 हजार रुपये, रामनगर ब्लाक की 36 ग्राम पंचायतों में 43 लाख 31 हजार 700 और मऊ ब्लाक की 29 ग्राम पंचायतों में 33 लाख 7,500 रुपये की धनराशि निर्गत कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि शेष ग्राम पंचायतों के प्रधान भी अन्ना गोवंश के रखरखाव के लिए धनराशि की मांग कर लें ताकि पैसा निर्गत कराया जा सके। इस मौके पर मऊ ब्लाक प्रमुख सुशीला देवी, पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवाकांत बलुआ समेत संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधान मौजूद रहे।