फोटो- 8-शहर के बस स्टैंड में अतिक्रमण हटाने के लिए चलता बुल्डोजर। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। जिला मुख्यालय में रविवार को बस स्टैंड पर नगर पालिका परिषद ने पुलिस बल के साथ बुलडोजर चला अतिक्रमण हटाया। दुकानदारों को टिनशेड खोलने का मौका भी नहीं दिया गया। कुछ दुकानों को छोड़ दिया गया। ऐसे में लोगों ने पालिका प्रशासन पर भेदभाव के आरोप लगाए।
स्थानीय दुकानदार देवीदयाल सोनी का कहना था कि दुकानें तोड़ दी गईं, अब रोजीरोटी का संकट खड़ा हो गया है। लाला केसरवानी ने कहा कि सीएम के आदेश हैं कि पहले फुटपाथ के दुकानदारों को दूसरी जगह शिफ्ट करें, फिर हटाया जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कई दुकानों व घरों के आगे फुटपाथ पर दुकान करने वालों को हटाया गया है।
सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय व ईओ नगर पालिका रामअचल कुरील की मौजूदगी में लगभग चार घंटे तक अतिक्रमण पर बुलडोजर गरजता रहा। कोठी तालाब मार्ग पर स्थित एतिहासिक कुएं के सुंदरीकरण के लिए काम शुरू करने से पहले अतिक्रमण हटाया गया।
ईओ नगर पालिका रामअचल कुरील ने बताया कि सभी को खुद अतिक्रमण हटाने का मौका दिया गया है। सोमवार को चौराहों के चौड़ीकरण के लिए एसडीएम व पीडब्ल्यूडी समेत दुकानदारों की बैठक होगी।