मऊ (चित्रकूट)। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के मऊ थाना अंतर्गत छिवलहा के पास अनियंत्रित बुलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बुलेरो भी पलट गई जिसमें चालक भी लहूलुहान है। तीनों को गंभीर हालत में मऊ सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद प्रयागराज रेफर किया गया है।
बरगढ़ थाना क्षेत्र के पतेरी निवासी चंद्रभान और मुन्नीलाल बाइक से मऊ आए थे। बुधवार की देर शाम को दोनों गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही छिवलहा नदी के पास पहुंचे तो प्रयागराज की ओर से तेज गति से आई बुलेरो की टक्कर बाइक से हो गई। जिसमें बुलेरो भी पलट गई।
स्थानीय निवासियों की सूचना पर मऊ थाना पुलिस टीम पहुंची और बाइक सवार दोनों युवकों के अलावा बुलेरो चालक सरैंया निवासी श्रवण कुमार पुत्र राधेमोहन को गंभीर हालत में मऊ अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को प्रयागराज रेफर किया है। पुलिस के अनुसार बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।