जिला अस्पताल में आपरेशन के बाद एक बेड पर लेटी दो महिलाएं।
- फोटो : Amar ujala
एनआरएच के तहत गुरुवार को जिला अस्पताल में नसबंदी कैंप लगा। जहां जमकर अव्यवस्था देखने को मिली। जिन 50 महिलाओं की नसबंदी हुई, उनमें से कुछ को आपरेशन के आधे घंटे बाद ही घर भेज दिया गया। एक बेड पर दो महिलाएं भी लेटी मिलीं।
जिला अस्पताल के जच्चा-बच्चा केंद्र में डा. बीपी इटौलिया व डा. दीपेंद्र कुमार ने नसंबदी के आपरेशन किए। शाम तक 50 महिलाओं ने नसबंदी कराई। इस दौरान महिलाओं को आठ व तीन बेड वाले कमरों में लिटाया गया। सभी बेड़ों में दो-दो महिलाएं लिटाई गईं। इसके बाद जगह ही नहीं बची। जिससे विभाग के कर्मचारियों ने मानक की अनदेखी शुरू कर दी। ऑपरेशन कर जैसे ही थियेटर से महिलाएं निकलीं, तो उन्हें कुछ देर रोककर एंबुलेंस से घर भेज दिया गया। शुक्र था किसी भी महिला की हालत नहीं बिगड़ी।
इस मामले में प्रभारी सीएमएस डा. बीएस द्विवेदी ने बताया कि नियमत: तो आपरेशन के लगभग तीन-चार घंटे तक महिलाओं को अस्पताल में ही रखा जाता है। लेकिन जगह कम होने और महिलाओं के ज्यादा होने पर आपरेशन के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। किसी की भी हालत खराब नहीं हुई है। सभी आपरेशन सफल रहे।