बारात से लौट रही ट्रैक्टर ट्राली बरगढ़ घाटी के पास
पलटकर नाले में जा गिरी। इससे चीख पुकार मच गई। दो लोगों की मौके पर ही मौत
हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। इनमें से पांच को इलाहाबाद रेफर किया गया
है।
जानकारी के मुताबिक, हर्दी गांव निवासी पवन पाल पुत्र रोशनलाल
की बारात देऊंधा गांव के रामपाल के यहां गई थी। शुक्रवार को करीब 15
बाराती ट्रैक्टर ट्राली से लौट रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे बरगढ़ घाटी के
पास चालक लालबहादुर वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
ट्रैक्टर ढलान से
होता हुआ लगभग पंद्रह फीट नीचे सूखे नाले में जा गिरा। ट्रैक्टर पलटने से
बारातियों में चीख पुकार मच गई। अरुण कुमार सिंह (40) पुत्र शिवलाल और राधा
(16) पुत्र राकेश निवासी हर्दी की मौके पर ही मौत हो गई।
हरी
प्रसाद (37) पुत्र सत्यनारायण निवासी गोइया, रामभवन (20) पुत्र मानिकलाल
धुरी, इलाहाबाद, नीरज (28) पुत्र रामसूरत इटहाई बरगढ़, लालबहादुर के पुत्र
आशीष (12), दीपू (10), चालक लालबहादुर (25) पुत्र शिवमूरत, कमला (22)
पत्नी रामबहादुर सभी निवासी हर्दी घायल हो गए।
घायलों को सामुदायिक
स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हरी प्रसाद और आशीष को छोड़ सभी को इलाहाबाद
रेफर कर दिया गया। ट्रैक्टर ट्राली जिस जगह पर जा गिरी थी, वहां आसपास घने
पेड़ हैं। इस कारण नजर आना मुश्किल था। परानू बाबा के दर्शन कर लौट रहे
विनीत ने चीख पुकार सुनी तो वाहन रोका।
साथ में मौजूद अंशु तिवारी,
चंदन, पिंटू, कैलाश आदि के साथ इनको निकाला। वहां से गुजर रहे एसडीएम
मिश्री लाल को घटना की जानकारी दी। एसडीएम ने एंबुलेंस बुलाई। इसी दौरान
इंस्पेक्टर शिवबचन सिंह और एसआई धीरेंद्र मिश्रा भी आ गए। घायलों को
एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया गया।