चित्रकूट। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा का हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परिणाम शनिवार को आने पर छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल रहा। इंटरमीडिएट में ज्ञान भारती इंटर कालेज के संदीप कुमार पाल ने 91.60 फीसदी व हाईस्कूल में ज्ञान भारती इंटर कालेज की आयुषी द्विवेदी ने 94.50 फीसदी अंक पाकर जिले का नाम रोशन किया है।
शनिवार की सुबह से झमाझम बारिश के बीच मोबाइल से ही सभी एक दूसरे से परिणाम जानते रहे। कोरेाना काल में बिना परीक्षा पास हुए कई मेधावी छात्र परिणाम से नाखुश भी रहें वही प्रथम श्रेणी होने पर संतोष भी जताया। तमाम प्रयास के बावजूद जिले के टॉप टेन की सूची के लिए रात तक मशक्कत चलती रही। अभीतक की जानकारी के अनुसार जिले में हाईस्कूल में ज्ञानभारती इंटर कालेज की आयुषी द्विवेदी ने 94.50 प्रतिशत, बैजनाथ भरद्वाज सरस्वती इंटर कालेज के अच्युत अग्रहरि ने 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं वहीं ज्ञान भारती की श्रृष्टि सिंह और मोनिका यादव ने 94.17 प्रतिशत अंक प्राप्त किये। इंटरमीडिएट में ज्ञानभारती इंटर कालेज के संदीप पाल ने 91.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक बलिराज राम ने बताया कि जिले में कुल 22 हजार 707 पंजीकृत छात्रों का परीक्षा परिणाम बेहद सुखद रहा है। सर्वर की समस्या के चलते पूरा अलग अलग स्कूलों का परिणाम अभी पूरा नहीं मिला है।