चित्रकूट। पहाड़ी थाना क्षेत्र के देहरूच माफी गांव में अन्ना मवेशियों को लेकर हुए विवाद में जमानत कराकर लौटते समय दोनो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें चार लोग घायल हो गए। चाचा-भतीजे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भोला समेत कई अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
देहरूच गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र काशी ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में अन्ना मवेशियों के खेत में घुसने का विरोध करने पर कुछ ग्रामीणों से विवाद हुआ था। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज की थी। इसी मामले की दोनों पक्ष ने सोमवार को राजापुर एसडीएम कोर्ट से जमानत कराई। बताया कि जमानत कराकर गांव लौटते समय जैसे ही वह हरदौली गांव के पास पहुंचे तो एक चार पहिया वाहन में कई लोग आये और उन्हें रोककर डंडों से हमला कर दिया। हमले में काशी प्रसाद पुत्र बैजनाथ, अंबिका पुत्र अयोध्या प्रसाद, अनिल पुत्र काशी और कल्लू पुत्र दरबारी लाल घायल हो गए। घायलों को सीएचसी राजापुर में भर्ती कराया गया। जिसमें काशी व अंबिका की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने रेफर कर दिया है। दोनों आपस में चाचा-भतीजे भी हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी अवधेश मिश्रा ने बताया कि अनिल की तहरीर पर भोला व कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।