उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ की जिला इकाई ने शनिवार को जिलाध्यक्ष चिरौंजीलाल श्रीवास्तव की अगुवाई में बीएसए कार्यालय परिसर में धरना व प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग में व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकाें की सेवा काल में मृत्यु होने के बाद मृतक आश्रितों की शैक्षणिक योग्यता के आधार पर नियुक्ति न कर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर नियुक्त किया जा रहा है। जिससे आश्रितों की शैक्षणिक योग्यता का हनन हो रहा है।
उन्होेंने कहा कि मांगेें नहीं माने जाने पर 20 अप्रैल को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर विधानसभा का घेराव किया। इसके बाद संघ के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एडीएम महेश चंद्र शर्मा को सौंपा।
जिसमें बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जो स्नातक व परास्नातक हैं, उन्हें सेवारत प्रशिक्षण करवाकर टीईटी परीक्षा में बैठने का अवसर प्रदान कर उत्तीर्ण होने पर सहायक अध्यापक और हाईस्कूल, इंटर पास चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लिपिक पद पर पदोन्नति दिए जाने आदि मांग की। इस मौके पर मिथलेश कुमार, अशोक कुमार, राकेश कुमार, मनोज, केशव प्रसाद, ममता देवी, आंनद कुमार सिंह, ललक पांडे आदि मौजूद रहे।