चित्रकूट। सीतापुर चौकी क्षेत्र के राघवपुरी मोहल्ला निवासी सतरोहन प्रसाद की सात साल की पुत्री 18 अप्रैल को अचानक लापता हो गई। शाम तक पुत्री के घर न आने पर चिंतित परिजनों ने सीतापुर पुलिस चौकी में अपहरण की सूचना दी। पुलिस ने बालिका को पड़ोसियों के घर के पास ही एक सुनसान स्थान से ढूंढ निकाला। उसके हाथ बंधे थे। इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के दोषी होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पीड़ित परिजनों ने बताया कि डेढ़ माह पूर्व आठ मार्च को उनके ही परिवार के रामप्रयाग के दस साल के पुत्र कन्हैया को आरोपियों ने अपहृत कर हत्या कर दी थी। इस मामले में आरोपी दंपती को पुलिस ने पकड़कर जेल भेजा है। आशंका जताई है कि इन्हीं के परिजनों ने फिर ऐसी घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की।