चित्रकूट। सदर कोतवाली अंतर्गत खोह गांव के एक प्रौढ़ की मौत होने पर परिजनों ने आरोप लगाया कि एक दिन पूर्व कोरोना का टीका लगवाया था। जिसके कारण उसकी मौत हुई है। जानकारी होने पर पुलिस ने गांव पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि टीकाकरण से मौत होने की बात फिलहाल गलत है।
मुख्यालय से सटे खोह गांव निवासी लालदास (50) पुत्र रामसुमेर की शनिवार को मौत हो गई। जिसे लेकर मृतक की पत्नी सुकुरी देवी ने आरोप लगाया कि पति ने 27 अगस्त को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोविड वैक्सीन लगवाया था। शनिवार को त्योहार की सामग्री लेने के बाद जब घर पहुंचे तो अचानक हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के तीन पुत्र, एक पुत्री, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर इस मामले में अपर सीएमओ डा. इम्त्यिाज अहमद ने बताया कि फिलहाल कोरोना के टीका से मौत होने की बात गलत ही होगी। इस मामले की जानकारी नहीं है। संबधित केंद्र से पूछताछ कर जानकारी की जा रही है।