भौंरी/मानिकपुर(चित्रकूट)। रैपुरा थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग झांसी मिर्जापुर स्थित बोड़ीपोखरी के पास शुक्रवार की रात को एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी चाय की दुकान में जा घुसा। दुकान में मौजूद चाय पी रहे तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए स्थानीय पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रयागराज की ओर से एक खाली ट्रक कर्वी आ रहा था। ट्रक बोड़ीपोखरी के पास पहुंचा तो अनियंत्रित होकर सड़क किराने बनी एक चाय की दुकान में घुस गया। चाय पी रहे मनोज (18)पुत्र इंद्रनारायण निवासी रैपुरा, मुरलीधर,(40)पुत्र श्रीकांत निवासी खेरी प्रयागराज, मुकेश (16), चंद्रभान निवासी खेरी प्रयागराज, ट्रक चालक पिंटू घायल हो गए। इसमें मनोज की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय से प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया है।
उधर, कोतवाली अंतर्गत कर्वी मानिकपुर रोड मेें खरौंध गांव के पास बाइक से सीतापुर कस्बा निवासी रामबाबू पुत्र लक्ष्मण अपनी ससुराल सेमरदहा गांव से लौट रहा था, जो अनियंत्रित होकर एक कच्चे घर में घुस गई। हादसे में नरेंद्र (6) पुत्र मुन्नालाल, उसका दादा कैरा (55) पुत्र परदेशी समेत बाइक सवार रामबाबू घायल हो गया। तीनों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। बाइक चालक हेलमेट पहने था।