राजापुर (चित्रकूट)। मंगलवार की रात घर के बाहर सो रहे एक वृद्ध को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामला न दर्ज करा उसका अंतिम संस्कार कर दिया। वाहन की चपेट में आने से बछड़े की भी मौत हो गई।
तुलसी इंटर कालेज के पास चुनकू केशरवानी (88) का घर है। उसी में दुकान भी है। दुकान होने की वजह से चुनकू बाहर ही सोते थे। मंगलवार को वे दुकान के बाहर सो रहे थे। रात में लगभग साढ़े तीन बजे किसी वाहन ने उनको कुचल दिया। चीख सुनकर अंदर सो रहे परिवार वाले जब तक बाहर आते चालक वाहन लेकर भाग चुका था। गंभीर रूप से घायल चुनकू को परिजन अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चुनकू की चारपाई के पास पप्पू द्विवेदी का एक बछड़ा भी बंधा था। वह भी वाहन की चपेट में आकर मर गया। घरवालों ने बताया कि पहियों के निशान से लगता है कि यह वाहन ट्रैक्टर ही है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।