मऊ (चित्रकूट)। सुरेंद्र प्रताप व रामलाल दूबे निवासी जोड़िया (बरगढ़) ने लघु सिंचाई विभाग के द्वारा बनवाए गए कुओं में काम करने वाले मजदूरों की मजदूरी का भुगतान चार महीने बाद भी न करने का आरोप लगाया है।
सुरेंद्र प्रताप ने बताया कि पिछले वर्ष विभाग के द्वारा बनवाए गए कूपों में डोड़िया, छतैनी, धोबिहा व जमिरा के मजदूरों ने लगभग चालिस दिन काम किया। यह सभी कुएं अवर अभियंता श्रवण कुमार के द्वारा सितंबर के महीने में बनवाए गए थे। कुओं के निर्माण में काम करने वाले मजदूरों विजयलक्ष्मी, लाला, मीना देवी, रामपाल, बिहारी, शेषमणि, लक्ष्मी नारायण ने बताया कि उनको केवल एक सप्ताह की मजदूरी मिली है और अभी तक तीस दिन की मजदूरी बाकी है। उन्होंने विभाग से मजदूरी दे कर कुओं की चुनाई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर कुए की चुनाई नहीं कराई गई तो बारिश में सभी कुएं मिट्टी गिरने से खराब हो जाएंगे। मामले में लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता श्रवण कुमार ने बताया कि कुएं की एमबी कर के मजदूरों की मजदूरी दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही मजदूरी का भुगतान हो जाएगा।