मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के मैदाना गांव के मजरा कोल्हुआ व धवाड़ा पुरवा में गुरुवार की सुबह कूड़े की चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते आग विकराल हो गई और इसकी चपेट में 12 कच्चे घर आ गए। करीब 15 लाख की संपत्ति जल गई है।
धवाड़ापुरवा निवासी लल्लू ने बताया कि हम सब खेत में फसल कटवा रहे थे। घर में बच्चे थे। दोपहर को घर के पीछे पड़े कूड़े में किसी ने आग लगा दी। इसी से निकली चिंगारी से घर में आग लग गई। कुछ देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लपटे धीरे-धीरे अन्य घरों में पहुंच गईं। एक-एक कर घर जलने लगे। ग्रामीण जान बचाने के लिए घरों से चीखते हुए निकल आए।
घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी आग बुझी नहीं। देखते देखते ही घर सहित गृहस्थी जल गई। शिवशंकर, ओमप्रकाश, कुलदीप ने बताया आग से सोने चांदी के जेवर सहित बर्तन, कपड़े और अनाज जल गए। खाने तक के लिए अनाज नहीं बचा है।
मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने पहुंचकर आग बुझाई। थानाध्यक्ष अजित पांडेय ने बताया कि आग से कोई झुलसा नहीं है। सब सुरक्षित घरों से निकल आए हैैं। कूड़े में लगी आग से निकली चिंगारी से घरों में आग लगी है। पीड़ित लल्लू, शिवशंकर, भइयन, ओमप्रकाश, कमलेश, भोला, कामता, बुधिया, गंगाप्रसाद, गोविंद प्रसाद, राजाराम सुंदर ने मुुआवजा दिलाने की मांग की है।
उधर, आग लगने की घटना की जानकारी होने पर नगर पंचायत अध्यक्ष अमित द्विवेदी व एसडीएम राकेश पाठक ने मौके पर नायब तहसीलदार सहित लेखपाल को मौके पर भेजा। टीम ने नुकसान का सर्वे किया। एसडीएम ने बताया कि लगभग सात लाख का नुकसान हुआ है। जल्द मुआवजा दिलाया जाएगा।