उत्तर प्रदेश के अमरोहा में बॉलीवुड में अवसर दिलाने के ख्वाब दिखाकर एक शातिर ने छात्र नेता के भाई समेत तीस युवकों से चालीस लाख रुपये ऐंठ लिए। मोबाइल स्विच आफ होने पर जब युवक आरोपी के घर पहुंचे तो वहां ताला लटक रहा था।
आसपास के लोगों ने बताया कि यहां रहने वाला परिवार एक दिन पूर्व ही सामान सही कहीं और चला गया। इसके बाद बॉलीवुड का ख्वाब देखने वालों को एहसास हुआ कि वे ठगे जा चुके हैं। पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला नल निवासी एक युवक का मुंबई आना जाना रहता था। उसने कई फिल्मी अभिनेताओं के साथ फोटो खिंचवाकर एलबम बना रखी थी। उसने उन तस्वीरों को दिखाकर कई फिल्म निर्माताओं से अपने संबंध बताए और युवकों को बॉलीवुड में अवसर दिखाने का सब्जबाग दिखाया।
फिल्मों में मौका मिलने और रातों रात लखपति बनने के लालच में छात्र नेता उजैर मंसूरी के भाई जाहिद मंसूरी ने दो लाख तथा दानिश ने 50 हजार रुपये थमा दिए। धीरे-धीरे यह फेहरिस्त बढ़ती गई और उसके झांसे में तीस युवक आए।
सभी को उसने गुरुवार को मुंबई ले जाने का वादा किया था। लेकिन, उसके पहल ही वह फरार हो गया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक करीब चालीस लाख रुपये की ठगी का मामला है। आरोपी की खोजबीन के साथ मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।