चंदौली के चंद्रप्रभा वन रेंज अंतर्गत पर्यटक स्थल राजदरी जल प्रपात में पिकनिक मनाने आया वाराणसी का युवक नहाते समय डूब गया। मौके पर मौजूद लोग युवक को बाहर निकाला चकिया संयुक्त चिकित्सालय ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वाराणसी के हरहुआ निवासी हरिश गुप्ता (20) पुत्र विजय कुमार गुप्ता दोस्तों के साथ रविवार को राजदरी जलप्रपात में घूमने आया था। वह पानी में नहाने लगा। इसी बीच पांव फिसलने से युवक गहरे पानी में चला गया। युवक को डूबता देख मौजूद लोगों ने शोर मचाया। कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए युवक को पानी से बाहर निकाला और चकिया स्थित संयुक्त चिकित्सालय ले गए।
यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण राजदरी में घूमने फिरने वाले सैलानियों की भीड़ उमड़ी रह। यहां लाख मना होने के बाद भी कुछ लोग नहाने के लिए जलप्रपात में उतर जा रहे हैं। अभी हाल ही में प्रशासनिक अधिकारियों ने पर्यटक स्थल का दौरा कर सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बावजूद इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रुकने का नाम नहीं ले रही है।