धानापुर थाना क्षेत्र के तोरवा गांव में सोमवार शाम खेत की जुताई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर से गिरने के बाद रोटावेटर की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, तोरवा गांव निवासी पंकज सिंह (30) सोमवार शाम करीब चार बजे गांव निवासी हरिमोहन सिंह के ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की जुताई करा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। चालक के वाहन रोकने से पहले ही पीछे चल रहे रोटावेटर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद खेत में मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ट्रैक्टर रुकवाया और ग्रामीणों ने किसी तरह पंकज सिंह को रोटावेटर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणीलाल सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया, पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए। थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणीलाल सेन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।