ताराजीवनपुर। अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव के पास रिंग रोड पर शनिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से करीब 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। उसे पिछले कई दिनों से रेवसा गांव और आसपास के इलाके में घूमते हुए देखा जा रहा था। शनिवार को वह रिंग रोड पर हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ की, लेकिन देर तक प्रयास के बावजूद युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। इस संबंध में अलीनगर के थानाध्यक्ष गगनराज सिंह ने बताया कि रेवसा गांव के पास रिंग रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है।