वाराणसी के नमो घाट पर शनिवार को डबल डेकर बजड़े से एक युवती ने गंगा में छलांग लगा दी। मौके पर ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों ने छलांग लगाकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचा ली।
नमो घाट पर डबल डेकर बजड़े से एक युवती अचानक गंगा में कूद गई। घटना को देखते ही वहां तैनात आरक्षी रोहित कुमार कन्नौजिया और आरक्षी अशुतोष मिश्रा ने तत्काल गंगा में छलांग लगा दी। दोनों पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को बाहर निकाला। रेस्क्यू के समय युवती बेहोश थी। आरक्षी रोहित कुमार कन्नौजिया ने बिना देर किए ऑटो की व्यवस्था कर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों के उपचार से युवती को होश आ गया और उसकी जान बच गई। आरक्षी रोहित कुमार कन्नौजिया ने बताया कि होश में आने पर युवती ने अपनी पहचान चंदौली के तहसील चकिया, थाना बबुरी के एक गांव निवासी रूप में बताई। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर युवती को उनके सुपुर्द कर दिया गया।