पीडीडीयू नगर। दानापुर-सिकंदराबाद स्पेशल ट्रेन में एक महिला यात्री का बैग चोरी हो गया। बैग में 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने थे। घटना सोमवार की रात बक्सर और पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच हुई। महिला के पति ने महाराष्ट्र के नागपुर में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
बिहार के छपरा जिले के दिधवारा निवासी कृष्ण मोहन राय सेना में तैनात हैं और वह महाराष्ट्र के नागपुर जिले के सीताबाड़ी में रहते हैं। सोमवार को वह अपनी पत्नी रोशनी के साथ दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस से नागपुर जा रहे थे। वह ट्रेन के ए-1 कोच पर सवार थे। रात में बक्सर और पीडीडीयू जंक्शन के बीच चोरों ने रोशनी का हैंडबैग उड़ा दिया। कृष्ण मोहन के अनुसाद बैग में 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, सोने का नेकलेस, सोने की चेन, कान के झुमके, कान की बाली के अलावा चांदी के भी गहने थे। पीडीडीयू जंक्शन पर ट्रेन के पहुंचने पर कृष्ण मोहन ने बैग की तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बाद में उन्होंने नागपुर पहुंचने पर जीआरपी में तहरीर दी है। इस संबंध में जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना नहीं मिली है। यदि नागपुर में मुकदमा दर्ज हुआ होगा तो वह रेफर होकर आएगा, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।