नौगढ़। चकिया- नौगढ़ मार्ग के बीच लेड़हा मोड़ के पास ट्रैक्टर से गिरने पर एक महिला की मौत हो गई। चकरघटृटा थाना क्षेत्र के बसौली गांव में ब्याही अपनी बिटिया को खिचड़ी पहुंचाने के बाद शमिला (50) निवासी मूसाखाड़, थाना चकिया अपने घर जा रही थी।
चकिया थाना क्षेत्र के मूसाखाड़ निवासी महिला शमिला (50) का मायका भी चकरघट्टा थाना क्षेत्र के परसिया गांव में है, वहां से लौटकर बिटिया सीता को खिचड़ी कपड़ा देने के बाद वापस घर मूसाखाड़ जा रही थी। नौगढ़ स्टैंड पर सायं काल कोई गाड़ी न मिलने पर ईंट गिराने के बाद चकिया जा रही एक टैक्टर को रुकवाकर उस पर सवार हो गई और ड्राइवर के बगल में हुड पर बैठ गई। लेड़हा मोड़ के पास वह पान की पीक थूकने के लिए झुकी, तो वह संभल नहीं पाई और गिरने के बाद पहिए के नीचे आ गई और मौके पर ही चक्के से दबकर उसकी मौत हो गई। घटना सुनसान जगह पर हुई। कुछ देर के बाद लोगों को सूचना मिली। इसके बाद 112 की पुलिस पहुंची और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाया गया। सूचना पाते ही थाना प्रभारी राजेश सरोज मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गए। बताया कि पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा। मृत महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया है।