चंदौली जिले के गांव में सोमवार रात गांव के ही मनबढ़ युवकों ने एक मड़ई में आग लगा दी। जिससे मड़ई में बंधे 10 मवेशी बुरी तरह झुलस गए, जिसमें आठ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं अधजले दो मवेशियों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। आग लगने से मड़ई में रखा खाद्यान्न सामग्री, चारपाई, रजाई, बिस्तर सब कुछ जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का मौका मुआयना किया। पशुपालक की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, इलिया थाना क्षेत्र के खखड़ा बीच गांव में रामू यादव मकान बनाकर रहता है। तो वहीं बेन धरौली मुख्य मार्ग पर स्थित गांव में जाने वाले सड़क किनारे अपने खेत के पास मड़ई लगाकर वह मवेशी पालता है। वह वहीं रहकर उनकी रखवाली करता है। सोमवार की रात 8 बजे वह बीच गांव में स्थित अपने घर खाना खाने जा रहा था, उसी वक्त बाइक लेकर लहराते हुए तीन युवक गांव में जा रहे थे। इस पर रामू ने कहा गाड़ी ठीक से नहीं चला रहे हैं, दबाने का इरादा है क्या।